सोशल मीडिया आज के समय की आवश्यकता तो है लेकिन जैसे-जैसे इसका उपयोग बढ़ रहा है, इसके साइड इफ़ेक्ट भी दिख रहे हैं। इन्ही मुद्दों में एक महत्त्वपूर्ण मुद्दा है भाषा का गिरता हुआ स्तर, जो कि हमारी संस्कृति और सामाजिक संवाद पर नकारात्मक प्रभाव डाल रहा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अक्सर देखा जाता है कि लोग अकसर अभद्र व अराजक भाषा का उपयोग करते हैं, जिससे शब्दों का सही अर्थ और भावनाएं व्यक्त करने की क्षमता कम होती जा रही है। इसके परिणामस्वरूप, युवा पीढ़ी में सही भाषा कौशल की कमी देखने को मिलती है, जो न केवल उनकी शैक्षणिक वृद्धि को प्रभावित करता है बल्कि सामाजिक कार्यों में भी मुश्किलें पैदा करता है। इस स्थिति को समझना और इसके प्रति जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है ताकि हम अपनी भाषा और संस्कृति को बचा सकें। आइए , उन कारणों में विचार करते हैं, जिसकी वजह से आज सोशल मीडिया पर अपशब्दों का प्रयोग अत्यधिक बढ़ गया है।

सोशल मीडिया में अपशब्दों के प्रयोग के कारण

गुमनामी की ढाल (Anonymity Shield):
सोशल मीडिया पर हर ‘चिंटू123’ या ”एंजिलप्रिया’ असली चिंटू या असली एंजिलप्रिया नहीं होते। नकली नाम को कवच की तरह धारण करने वाले ये शोसल मीडिया प्रेमी अकसर कुछ भी बोलने को अपना अधिकार समझते हैं , जबकी अधिकांश सोशल मीडिया एप्स लोगों को विचारशील कमेंट लिखने और सम्मानित भाषा का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करते हैं। लेकिन जब असली नाम-चेहरा छिपा होता है, तो लोग खुद को ब्रह्मा समझकर कुछ भी बक देते हैं – जैसे गाली देना संविधान का छठा अधिकार हो।

अभिव्यक्ति की आज़ादी का गलत मतलब:
कुछ लोग सोचते हैं कि “फ्री स्पीच” का मतलब है “फ्री में जो मन करे, बोलो – चाहे वो गाली ही क्यों न हो।” इन्हें लगता है कि संविधान ने उन्हें इंटरनेट पर गुस्सा दिखाने और गालियां बकने का सर्टिफिकेट दे रखा है। जबकि  ‘फ्री स्पीच’ यानी कि ‘अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता’ का आसान शब्दों में मतलब है कि कानून के मुताबिक दायरे में रहकर रखी गई बात , न कि गाली-गलौच या अश्लील संभाषण।

😡 तुरंत प्रतिक्रिया देने की आदत (Impulse reaction):
अकसर देखा जाता है कि सोशल मीडिया में कई पोस्ट आते हैं जो विचारों को उद्वेलित कर देते हैं। धर्म , जाति, देश या भाषा पर आधारित अनेक ऐसे मुद्दे है, जो मानसिक उत्तेजना को बढ़ाते हैं । जैसे से ही कोई ऐसा विचार सामने आता है, जिससे व्यक्ति उत्तेजित हो जाए तो लोग धैर्य रखने के बज़ाय तुरंत सीधा गालियां और अपशब्द लिखने लगते हैं मानो उनका एक ही मकसद है — “सोचो मत, थ्रो इट !”

📢 विचारशीलता की कमी:
आजकल तर्क देने का समय नहीं है गंभीर चिंतन करने की मानसिक क्षमता भी आज की युवा पीढ़ी में नहीं है। तुरंत दूसरे को सीधा बोलना है – “तेरी जैसी सोच ही देश को डुबा रही है!” कह कर सारा असफ़लता का ठीकरा दूसरे के सिर पर फोड़ देना आसान है लेकिन तर्क करके दूसरे को सही बात समझाना मुश्किल , क्योंकि तर्क मेहनत मांगता है, और अपशब्द कह देना आसान लगता है चाहे इससे दूसरे की भावनाएं आहत ही क्यों न हों। शब्दों की उल्टी कर दो।

🔥 ट्रेंडिंग गालियों की फैशनिंग:
कुछ लोग तो जैसे गालियों को नए slang की तरह पेश करते हैं। आज “भाई तू बकवास है” ट्रेंड में है, कल शायद “तेरा अकाउंट ब्लॉक है” भी गाली मानी जाएगी। एक दूसरे के धर्म पर आधारित अनेक गालियां है जिनको सभ्य व्यक्ति मुंह पर भी न लाना चाहेगा। धर्म के आधार पर दूसरे को नीचा दिखा कर संतोष पाना गिरते हुए मानसिक स्तर का ही प्रतीक है, किंतू नई पीढ़ी इसी को कूल डूड होना समझती है।

📱 वायरल होने की भूख:
कुछ लोगों को लगता है कि अगर वो ज्यादा ज़ोर से, ज्यादा गुस्से में, और ज्यादा गाली देकर बोलेंगे, तो उनकी बात वायरल होगी। और कभी-कभी… होती भी है। बस, यहीं से बर्बादी शुरू होती है। आज हर कोई वायरल होना चाहता है । चाहे वे अश्लील चलचित्र बना रहे हैं, गंदी रील्स बना रहे हों या पॉडकास्ट के नाम पर खुले आम गालियां बक रहे हों अथवा किसी के पोस्ट पर असभ्यता से कमेंट कर रहे हों। थोड़े से लाइक और कमेंट के लोभ में आज का समाज किसी भी स्तर तक गिरने को तैयार बैठा है।

🧒 उम्र और परिपक्वता की कमी:
कई बार किशोर और युवा, जिनका व्यक्तित्व अभी बन रहा होता है, कई बार वे दूसरों के प्रभाव में आकर गाली देने लगते हैं — “क्योंकि वो यूट्यूबर भी ऐसा करता है।” अथवा उनके अन्य मित्र भी अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे होते हैं। कई बार पारिवारिक वातावरण ही गाली-गलौच का होता है। ऐसे अपरिपक्व बुद्धि के कम उम्र बच्चे यह समझते है कि शायद यही बात-चीत का सही तरीका है। वे भी गंदी भाषा का प्रयोग सोशल मीडिया में और कई बार समाज में भी करते हैं।

🎭 डिजिटल गैंगबाज़ी (Echo Chambers):
जब एक पूरा ग्रुप गालियों से हमला करता है, तो नए सदस्य भी वही भाषा अपनाते हैं — ताकि “कूल” दिखें या “टीम का हिस्सा” बन सकें। कई बार किसी एक मुद्दे पर एक वर्ग के लोग एकमत हो जाते हैं , ऐसे में वह अपने व्यक्तिगत विचारों से हटकर समूह का हिस्सा बनते हैं और डिजिटल गैंगबाज़ी कर गालियों की बौछार करते हैं।

🧠 फ्रस्ट्रेशन का आउटलेट:
ऑफिस में बॉस डांट देता है, घर पर बीवी ताना देती है — तो बेचारा आदमी ट्विटर पर आकर लिखता है: “तू चुप रह, देशद्रोही!” पाकिस्तानी, पजीत, पंचरपुत्र, गोबरभक्त आदि ऐसे अनेक शब्द हैं जिनका उपयोग आज की पीढ़ी अपनी कुंठा का प्रदर्शन करने के लिए करती है। ये लोग सोचते हैं कि असली जीवन में तो कोई न तो हमारा आदर ही करेगा और न ही हमसे डरेगा। ऐसे में सारी भड़ास सोशल मीडिया पर उतार

🧑‍🎤 इंफ्लुएंसर का असर:
कुछ डिजिटल सितारे खुद ही वीडियो में गालियों की बरसात करते हैं, जिससे फॉलोअर्स को लगता है – “यही असली अंदाज़ है, यही हिट फॉर्मूला है।” लोग यह अनुमान ही नहीं लगा पाते कि धीरे-धीरे यह गंदी भाषा बोल्ने का अभ्यास उनके व्यक्तिगत जीवन और पाठक के मान्सिक स्तर को प्रभावित कर गर्त में ले जा रहा है। इन्फ़्लुएंसर को भी यह जिम्मेदारी लेनी होगी कि वे समाज को कुछ अच्छा और उपयोगी परोसें । दर्शकों की योग्यता का उच्च स्तर इसी पर निर्भर होगा।

क्या है इस समस्या का समाधान

सोशल मीडिया पर अपशब्दों का बढ़ता उपयोग समाजिक संवाद को प्रभावित कर रहा है, जिससे व्यक्तिगत रिश्तों में नुकसान और युवाओं में अविश्वास का माहौल उत्पन्न हो रहा है। नकारात्मक भाषा का प्रभाव केवल ऑनलाइन न होकर, वास्तविक जीवन की बातचीत में भी देखा जा रहा है। हमें इस स्थिति को बेहतर करने के लिए एक सकारात्मक वातावरण बनाने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। इसका एक समाधान यह है कि हम संवाद में रचनात्मकता और सहानुभूति को शामिल करें, जिससे सभी विचारों और भावनाओं का सम्मान किया जा सके। यदि हम अपने शब्दों का चयन सावधानी से करें और संवाद को सकारात्मक दिशा में ले जाएं, तो हम स्वस्थ और सम्मानित संवाद की संस्कृति को पुनर्जीवित कर सकते हैं। अंततः, यह हम सभी की जिम्मेदारी है कि हम एक-दूसरे के प्रति सहानुभूति और सम्मान दिखाने वाले संवाद का अभ्यास करें।

Leave a Reply

Trending

Discover more from HindiFlorets.com

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading