आज का सुविचार

आज का सुविचार 09/10/2024

“नेतृत्व सेवा है, अधिकार नहीं। एक सच्चा नेता अपनी टीम की सेवा करता है।”

दोस्तो!  नेतृत्व का वास्तविक अर्थ केवल अधिकार या सत्ता में होना नहीं है, बल्कि दूसरों की सेवा करने में निहित है। एक सच्चा नेता वह होता है, जो अपने पद का उपयोग अपने व्यक्तिगत लाभ के लिए नहीं, बल्कि अपनी टीम की प्रगति और कल्याण के लिए करता है। इस प्रकार का नेतृत्व सेवा के सिद्धांत पर आधारित होता है, जहां नेता अपने साथियों के विकास, मार्गदर्शन और सहयोग में पूरी तरह से समर्पित रहता है।

सेवा-आधारित नेतृत्व में, नेता खुद को टीम का हिस्सा मानता है, न कि केवल एक शासक या अधिकारी के रूप में। वह अपने कार्यों और फैसलों के जरिए यह सुनिश्चित करता है कि टीम के सभी सदस्यों को सही दिशा मिल रही है और उनके व्यक्तिगत और पेशेवर विकास के लिए उपयुक्त संसाधन उपलब्ध हैं। भारत के वर्तमान प्रधानमंत्री स्वयं को प्रधानमंत्री की अपेक्षा प्रधानसेवक कहलाना पसंद करते हैं। यह उनके भीतर मौजूद सफल नेता का ही लक्षण है। नेता यदि सेवा के गुणों से रहित है तो वह अपनी स्वार्थ परता के चलते जल्दी ही सदस्यों का विश्वास खो देगा और सभी सदस्य‍ अपने व्यक्तिगत विकास के लिए ही कार्य करेंगे । इस प्रकार दल या संगठन अपना मूल उद्देश्य या लक्ष्य कभी प्राप्त नहीं हो सकेगा।

सेवा-आधारित नेतृत्व का सबसे बड़ा लाभ यह होता है कि इससे दल में विश्वास और सम्मान की भावना विकसित होती है। जब टीम को यह एहसास होता है कि उनका नेता उनकी भलाई के लिए कार्य कर रहा है, तो वे और अधिक मेहनत और समर्पण के साथ काम करने के लिए प्रेरित होते हैं। जब टीम का नेता स्वयं सेवक की तरह मेहनत कर रहा होता है तो दल के अन्य सदस्य उससे प्रेरणा लेकर अधिक काम करते हैं।

भारतीय समाज में सामान्य तौर पर यह अवधारणा मन में कहीं गहरी पैठ बनाए है कि जितना बड़ा पद होगा, उतना ही वह व्यक्ति मात्र मौखिक निर्देश देगा। शारीरिक श्रम को अत्यंत न्यून समझा जाता है। एक वाकया यहाँ उल्लेखनीय है। सड़क निर्माण के लिए चीनी कंपनी, भारत की किसी कंपनी के साथ मिलकर काम कर रहे थे। मज़दूर कम थे और समय सीमा भी। भारतीय कंपनी के इंजीनियर बस अटकल लगा रहे थे कि समय पर काम नहीं हो पाएगा। तभी चीनी कंपनी के बड़े मैनेज़र और इंजीनियर स्वयं काम में लग कर सड़क निर्माण का कार्य पूरा करने लगे। उनके अनुसार, समय पर काम पूरा करना बड़ा दायित्व है बजाय उनके उँचे ओहदे के। यह देख कर भारतीय अधिकारी भी शर्मिंदा होकर काम करने लगे। जब आप स्वयं को सेवक समझ कर दल का प्रतिनिधित्व करते हैं तो आपके अधीन सभी व्यक्ति प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से प्रभावित होता है और कार्य को सही अंजाम देता है।

अतः नेतृत्व का असली सार सेवा में है। एक सच्चा नेता वह होता है, जो अधिकार और सत्ता से ऊपर उठकर संगठन की भलाई के लिए कार्य करता है, जिससे दल और दल के सदस्यों दोनों का समग्र विकास होता है।

हमें उम्मीद है कि आज का सुविचार आपके जीवन में एक सकारात्मक परिवर्तन लाएगा।

सुविचार-04सुविचार-06 सुविचार-08
सुविचार-05सुविचार-07सुविचार-09
सुविचार-10सुविचार -11सुविचार-12

One response to “सुविचार-19”

  1. […] सुविचार-19 […]

Leave a Reply

Trending

Discover more from HindiFlorets.com

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading