हनीमून पर न करें ये गलतियाँ

जीवन साथी के साथ बिताएँ हसीन पल
  1. हनीमून पर न करें ये गलतियाँ
  2. 1. लोन लेकर हनीमून जाना :
  3. 2. गलत हनीमून डेस्टीनेशन का चुनाव :
  4. 3. साथी की इच्छा का सम्मान न करना:
  5. 4.पारिवारिक समस्याओं की चर्चा:
  6. 5. असहज परिधान :
  7. 6.दूसरे की नकल करना:
  8. 7. मोबाइल से चिपके रहना:
  9. 8.ऑफ़िस साथ ले चलना:
  10. 9. दिखावा करना:
  11. 10.पुराने संबंधों की चर्चा:
  12. 11.होटल के कमरे की जाँच न करना:
  13. 12. यातायात की जानकारी न रखना

दोस्तों , शादी के बाद हनीमून जाना तो आधुनिक समय की परंपरा बन ही गया है। हनीमून में जाने से नव दंपति को एक दूसरे के साथ समय बिताने के ज्यादा मौके मिलते हैं। वे एक दूसरे को अच्छी तरह समझ पाते हैं । विवाह के बाद साथ में गुजारे गए समय की मीठीयादें सदा उनके मन को गुदगुदाए रखने के लिए काफ़ी होती हैं।

शादी के बाद पति-पत्नी के चेहरे पर आई खुशी की चमक उनकी तस्वीरों में सदा मौजूद रहती हैं और ये समय और ये पल हमेशा हमेशा के लिए यादगार बन जाते हैं । लेकिन सभी नव विवाहित जोड़ों के लिए हनीमून का समय ऐसा लाजवाब नहीं रहता। कुछ ऐसे कारण होते हैं कि जिनके कारण जिण्दगी के ये सुनहरे पल कड़वी यादों में सिमट कर रह जाते हैं। तो आज हम चर्चा करेंगे कि किन गलतियों के कारण हनीमून बेकार हो जाता है और नव दंपत्ति को अफ़सोस ही रह जाता है कि काश हमने ये गलतियाँ न की होती।

1. लोन लेकर हनीमून जाना :

आज के समय में हनीमून डेस्टीनेशन भी दिखावे की चीज बन गई है। लोग अपनी शान दिखाने के लिए महंगे स्थानों पर घूमने जाते हैं या उन विदेशी स्थानों पर जाते हैं जो सामान्यतया उनके हैसियत से अधिक होती है। जीवनसाथी के साथ विदेश घूमने का लालच और दूसरों पर अपना प्रभाव जमाने के लिए भी कुछ लोग ऐसे महंगे पर्यटक स्थलों में चले जाते हैं कि वहाँ जाने के लिए उन्हें लोन लेने तक की जरूरत पड़ती है। ऐसे में वापस आकर लोन तो उन्हें ही चुकाना होता है । इस कारण तनाव और झगड़े भी होते हैं। शादी के पहले वर्ष में वैसे भी खर्च बढ़ जाते हैं। लोन लेना कोई बुरी बात नहीं है। किंतु लोन उस समय लेना ठीक है जब या तो दूसरा कोई अन्य उपाय न हो या फ़िर उस धन को आप कुछ अन्य बहु उपयोगी कार्य में लगा रहे हों, अथवा उस से अतिरिक्त धनोपार्जन हो रहा हो। मात्र मनोरंजन , मौज मस्ती के लिए लोन लेकर हनीमून में जाने से कोई लाभ नहीं। आप को वह स्थान चुनना चाहिए , जहाँ के खर्च आप अपने वर्तमान बैंक बैलेंस के साथ आसानी से चुका सकें। जिस से आपका भविष्य सुखी और सुरक्षित रहे।

2. गलत हनीमून डेस्टीनेशन का चुनाव :

दोस्तों हनीमून डेस्टीनेशन का चुनाव भी बहुत महत्त्वपूर्ण है। यदि आप एक ऐसे स्थान का चुनाव करते हैं जो बहुत अधिक भीड़-भाड़ वाली जगह हो , जहाँ आपको एक दूसरे के साथ एकांत के दो पल नसीब न हों या उचित मनोरंजन के सुविधाएँ मौजूद न हों तो फ़िर आपका सारा समय और पैसा बेकार हो जाता है। कई बार लोग अति उत्साहित हो कर ऐसे स्थानों में चले जाते हैं जहाँ के मौसम के अनुकूल ताल-मेल बैठाना उनके लिए संभव नहीं रहता। बहुत अधिक गर्म या अति ठंड वाली जगह या लगातार बारिश वाली जगहों में जाने से सिर्फ़ परेशानियाँ ही हाथ आती हैं । ऐसी जगहों के फोटोग्राफ़ भी अच्छे नहीं आते और सारा समय मौसम के साथ खुद को ढालने में ही निकल जाता है। नए कपल को हनीमून डेस्टीनेशन का चुनाव सोच समझ कर करना चाहिए।

3. साथी की इच्छा का सम्मान न करना:

हनीमून में जाते समय दोनों व्यक्ति बराबर महत्त्वपूर्ण होते हैं । हरेक की अपने साथी से सम्मान और प्यार पाने की चाहत रहती है। लेकिन कुछ लोग अपनी इच्छाओं को ही महत्त्व देते हैं । वे पहले से ही दिमाग में बैठाए रहते हैं कि हमें तो किसी भी प्रकार बदलना नहीं है। इसलिए इस सुनहरे मौके पर जब दो सुंदर आत्माओं का आपसी सामंजस्य होना चाहिए , उसमें भी वे सिर्फ़ यह देखते हैं कि मुझे क्या पसंद है। ऐसे लोग सिर्फ़ अपनी और अपनी चलाए रहना चाहते हैं । इस प्रकार वे अपने जीवन साथी को कड़वी यादों से भर देते हैं। हनीमून वह सुंदर मधुमास है जो आपको दो व्यक्तित्वों से एकाकार करता है। इसलिए एक -दूसरे के बारे में जानें । उनकी पसंद-नापसंद को समझें । खाने -पीने , पहनने से लेकर हनीमून जाने की जगह के चुनाव पर भी एक दूसरे से पूछें, चर्चा करें, उनकी इच्छा का सम्मान करें और उसके अनुरूप व्यवहार करें ।

4.पारिवारिक समस्याओं की चर्चा:

हर परिवार में कुछ न कुछ तो समस्याएँ रहती ही हैं और अपने जीवन साथी से कुछ उत्तरदायित्व निर्वाह की इच्छा भी हर पति/पत्नी के मन में होती है। ऐसे में अपने मन की बात अपने जीवन साथी से कहना और पारिवारिक समस्याओं पर चर्चा करना स्वाभाविक और अपेक्षित है ही । किंतु हनीमून एक ऐसा समय है जो सिर्फ़ और सिर्फ़ एक -दूसरे के लिए है। नव विवाहित जोड़ा इस दौरान ज्यादा से ज्यादा आनंद भरा समय गुजारें और एक दूसरे के बारे में जानें। ऐसे समय को पारिवारिक कष्ट, समस्याओं को सुनने सुनाने में गुजार देने से समय और पैसा तो बेकार जाएगा ही , साथ ही आपके पार्टनर के मन में आपके और परिवार के प्रति नकारात्मक विचार पैदा कर सकता है। अत: नव विवाहित जोड़े को इस गलती से बचना चाहिए।

5. असहज परिधान :

हनीमून के अवसर पर हर कोई अपने को सबसे सुंदर और अलग दिखाना चाहता है। ऐसे में कई लोग ऐसे कपड़ों का चुनाव कर लेते हैं जिनमें वे सहज महसूस नहीं करते अथवा बड़े ही विचित्र दिखते हैं। अपनी खुशी को दूसरे को दिखाने की इच्छा स्वाभाविक है। अतः आजकल लोग अपने निजि फोटो आदि भी सोशल मीडिया में शेयर करते हैं। ऐसे में यदि आपके कपड़े सहज न दिखें ।आप विचित्र से दिखें अथवा अत्यधिक भौंडे और भड़काऊ वस्त्रों में दिखेंगे तो आप निश्चित ही उपहास का पात्र बनेंगे। बहुत अधिक भारी भरकम कपड़े या फ़ैंसी ड्रेस के चक्कर में न रहें। असहज कपड़ों के चक्कर में आप अपना आनंद खो सकते हैं।

6.दूसरे की नकल करना:

यह हनीमून आपका है। यह आपका और आपके साथी का समय है। इस समय को आप किस तरह बिताना चाहते हैं इसका निर्णय आपको लेना है। दूसरे इस समय क्या कर रहे हैं । उन्होंने अपने हनीमून को कैसे मनाया ? यह आपका विषय नहीं है। दूसरे की नकल छोड़ अपने मौलिक व्यवहार पर जीयें और आनंदित रहें। नकलची बंदर बनने के बजाय अपने स्वाभाविक व्यवहार में टिके रहने से आप हनीमून का ज्यादा मज़ा उठा पाएँगे।

7. मोबाइल से चिपके रहना:

यह गलती तो आप बिलकुल न करें। आप अपने घर-परिवार और निजी दोस्तों मित्रों से इतने दूर इतना धन खर्च कर घूमने आये हैं लेकिन पुरानी आदत के चलते आप यदि अपना पूरा समय मोबाइल पर ही चिपके रहते हैं देर तक चैटिंग करते हैं, सोशल मीडिया पर घुसे रहते हैं या फोन पर लंबी-लंबी बातें करते हैं तो न केवल आप अपना बहुमूल्य समय और पैसा बरबाद कर रहे हैं अपितु जीवन साथी को भी बोर कर रहे हैं। ऐसा करने से उसके मन में चिढ़चिढ़ापन व उदासीनता आ सकती है। आप यहाँ एक दूजे के लिए हैं। एक दूसरे के साथ क्‍वालिटी टाइम गुजारेंऔर एक दूसरे को स्पेशल महसूस कराएँ।

8.ऑफ़िस साथ ले चलना:

माना कि आप एक महत्त्वपूर्ण और जिम्मेदार व्यक्ति हैं। अपनी कंपनी ,इंस्टीट्यूशन के प्रति आपकी जिम्मेदारियाँ हैं लेकिन हर मौके पर ऑफिस साथ लेकर चलना बुद्धिमानी नहीं है। आप समय से अपने काम प्लान कीजिए और छुट्टी के मौके का पूरा लाभ लें। ऐसे मौके पर ऑफ़िस की जिम्मेदारियों से मुक्त होकर सिर्फ़ और सिर्फ़ अपने हमसफ़र के होकर रहें।

9. दिखावा करना:

हनीमून का समय नव विवाहित युगल एक दूसरे को समझने के लिए साथ गुजारते हैं। ऐसे समय में अत्यधिक दिखावा कर अपने साथी को प्रभावित करने की कोशिश करते हैं तो आपके साथी को आपके व्यक्तित्व का उचित अनुमान न हो पाएगा। बाद में वास्तविक जीवन में आपकी एक अलग छवि देख कर उसके सपनों का महल धराशायी हो जाएगा। आपके बारे में उसकी सारी सोच व्यवहारिक जीवन में आते ही तहस-नहस हो जाएगी। अतः जितना संभव हो, स्वाभाविक रहें । दिखावे के लिए न तो बहुत अधिक खर्च करें और न बहुत ही ज्यादा जी हजूरी करें । आपका सरल सहज व्यवहार ही आपके सुखद वैवाहिक जीवन की नींव बनेगा।

10.पुराने संबंधों की चर्चा:

हनीमून के दौरान पति-पत्नी एक -दूसरे के करीब आ जाते हैं । वे एक हद तक इतने करीब आ जाते हैं कि दूसरे पर अधिकार की इच्छा इतनी मज़बूत हो जाती है कि वे अपने जीवन साथी के पुराने संबंधों के बारे में भी जानना चाहते हैं । अगर आप भी उन्हीं लोगों में से एक हैं तो सावधान हो जाइए। इस बात को समझिए कि आपके साथी से आपका संबंध विवाह के बाद से हुआ है। उस से पहले यदि आपके पार्टनर का कोई प्रेम संबंध या लिव इन रिलेशन था तो वह पुरानी बात हो चुकी। न तो आप उसे बदल सकते। न उस विषय पर सोच कर कुछ ठीक ही कर सकते हैं । ऐसे में अपने या जीवन साथी के विवाह पूर्व के संबंधों की चर्चा आपके जीवन में सिर्फ़ सम्स्याएँ और तनाव ही लाएँगी । अतः भूल कर भी इस बारे में कोई बात न करें। यदि आप पुरुष हैं तो दिखावे के लिए भी कई लड़कियों से अपने चक्कर की बातें अपने साथी से न कहें । क्योंकि ऐसा करने से उसके दिमाग में आपके चरित्र पर सदा संशय बना रहेगा। इसी प्रकार स्त्रियों के लिए भी है। आपका वैवाहिक जीवन आपका आज है जिसमें भविष्य के स्वर्णिम सपने छिपे हैं। पुराने संबंधों पर चर्चा कर नए को विषाक्त करने की भूल न करें।

11.होटल के कमरे की जाँच न करना:

होटल के कमरे की जाँच न करना एक बड़ी भूल साबित हो सकती है। आप महंगे नामी होटेल लेते हैं जो आपकी निजता का सम्मान करने का दावा करते हैं और आपको सभी सुख सुविधाएँ मुहैया कराते हैं। लेकिन फ़िर भी स्वयं एक बार कमरे की जाँच कर लेना बुद्धिमानी है। कहीं कोई हिडन कैमरा न हो या कोई पारदर्शी वस्तु शीसे आदि के पीछे कोई कैमरा आदि न हो। कोई आपके अंतरंग क्षणों का फ़ायदा न उठा सकें। थोड़ी सी सावधानी से आगे होने वाली समस्याओं से बचा जा सकता है।

12. यातायात की जानकारी न रखना

यातायात की जानकारी बहुत ही महत्त्वपूर्ण हैं। आप एक नई जगह घूमने जा रहे हैं ऐसे में वहाँ पहुँचने के सभी साधनों की जानकारी , रेट , सुविधाएँ और उस जगह के मुख्य स्थानों आदि के बारे में जानकारी प्राप्त कर लेनी चाहिए। यदि आप बिना जानकारी के किसी नए पर्यटन स्थल में जाते हैं तो संभावना है कि ये एक बहुत बड़ी भूल साबित हो सकती है। आप लोकल लोगों द्वारा ठगे जा सकते हैं । आपके साथ धोखा-धड़ी की संभावना बड़ जाती है। आप बस, ट्रेन या हवाई जहाह जिस किसी भी साधन से वहाँ पहुँच रहे हैं उसके लिए पहले से ही आने-जाने के टिकट बुक करवा लें, ताकि अंतिम समय ज्यादा रुपए खर्च न करने पड़ें। साथ ही होटेल, टैक्सी आदि भी बुक करवा लें । जिस से अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।

दिखने में छोटी -छोटी इन बातों को ध्यान में रखने से आपकी यात्रा तो सुखद होगी ही साथ ही आप परेशानियों से बचे रहेंगे। हनीमून के मधुर क्षण बिता कर जब आप वापस लौटेंगे तो एक मधुर स्मृति आपके दिमाग में हमेशा- हमेशा के लिए बनी रहेगी।

One response to “हनीमून पर न करें ये गलतियाँ”

  1. Very Nice 👌

Leave a Reply

Trending

Discover more from HindiFlorets.com

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading