स्वतंत्रता दिवस के उत्साह में सभी के हृदय में देश भक्ति उफान पर है । देश अपनी स्वतंत्रता की 75 वर्षगांठ मना रहा है । इस अवसर पर भारत सरकार द्वारा आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है । इसमें सभी आयु वर्ग के लोगों को भाग लेने के उद्देश्य से राष्ट्र गान गायन करने को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
इस अवसर पर आपको राष्ट्र गान गायन करते हुए वीडियो रिकॉर्ड करने हैं और सरकार द्वारा आपको इसके लिए सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा ।

आपको बस एक अच्छी वीडियो बना कर http://rashtragaan.in पर मेल करना है । अच्छे विडियो सरकार द्वारा उनके उनके वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे। तो सीखते हैं कुछ टिप्स जो आपके द्वारा शूट किए वीडियो को बेहतरीन बना देंगे।
उत्तम प्रकाश व्यवस्था:
अच्छी वीडियो के लिए अच्छी रोशनी होना आवश्यक है । उचित प्रकाश वीडियो की गुणवत्ता बड़ा देता है । आप के कमरे की रोशनी n तो बहुत तेज हो और न बहुत मंद।
रोशनी चेहरे पर इस प्रकार न पड़े कि दूसरी तरफ से चेहरे पर छाया या अंधेरा दिखे। अगर कमरे में प्राकृतिक प्रकाश की उचित व्यवस्था है और प्राकृतिक रोशनी में ही वीडियो लेना ठीक रहेगा।
यदि आप घर से बाहर किसी पार्क या बगीचे में वीडियो बनाने की सोच रहे हैं तो भूल कर भी दोपहर के वक्त रिकार्डिंग न करें क्योंकि इस समय सूर्य की तेज़ रोशनी से चेहरे पर चमक पड़ती हैं और वीडियो अच्छा नहीं बनेगा । आउटडोर रिकार्डिंग के लिए सबसे बेहतर समय सुबह का है।
पृष्ठभूमि या बैकग्राउंड:
किसी अच्छे वीडियो में उसके बैकग्राउंड का बहुत प्रभाव रहता है । अच्छी पृष्ठ भूमि के लिए घर का एक साफ़ दीवार या कोना चुनिए । यहां से अपने वे सारे व्यक्तिगत सामान या फोटो गैलरी आदि हटा दें जिसे आप पब्लिक के साथ सांझा न करना चाहते हों। अपने पीछे की दीवार पर भारत का झण्डा चिपका कर या अन्य कुछ क्राफ्ट की सजावट कर आप अपने देशभक्ति के भाव व्यक्त कर सकते हैं।
ट्राइपॉड का इस्तेमाल:
वीडियो बनाते समय एक ट्राइपॉड का इस्तेमाल करें । हाथ में लेकर रिकार्डिंग करना उचित नहीं रहेगा । व्यक्ति के हिलने डुलने से वीडियो साफ नहीं आती और कई बार धुंधलापन या आगे पीछे हिलने का एहसास होता है । अगर आप के पास ट्राइपॉड नही है तो आप अपने कैमरे को ऊंचाई पर किसी टेबल आदि पर इस तरह फोकस कर रख दें कि आपका पूरा चित्र उसमें आ सके।
कैमरे से दूरी:
कैमरे से आपकी दूरी इतनी हो कि आप खड़े हुए दिखाई दे। बहुत दूर से चित्र लेने से आपके चेहरे स्पष्ट नहीं दिखेंगे और बहुत पास से चित्र लेने से आपके खड़े या बैठे होने का स्पष्ट पता नहीं चलेगा । याद रखें कि आप राष्ट्रगान गा रहे हैं और आपका खड़ा होना महत्वपूर्ण है ।
प्रोटोकॉल का पालन:
राष्ट्रगान गायन के कुछ नियम होते हैं उनका पालन करना आवश्यक है । राष्ट्र गान गायन करते समय आपके सिर को इधर उधर हिलाना, हाथ पैर हिलाते रहना,आगे पीछे हिलते डुलते नहीं रहना चाहिए। घर में सभी लोग मिल कर राष्ट्र गान गायन कर सकते है । किंतु यदि छोटे बच्चे घर में हों तो ऐसे समय या स्थान पर वीडियो शूट करना चाहिए जहां बच्चों द्वारा हस्तक्षेप, बीच में दौड़ना भागना अथवा रोना चिल्लाना आदि की आवाजे न आएं ।
वेशभूषा:
आपके परिधान आपके व्यक्तित्व की पहचान है । आप देश के महत्त्वपूर्ण पोर्टल के लिए वीडियो भेज रहे हैं । इसलिए अपने बेहतरीन वेशभूषा में वीडियो बनाएं । यदि संभव हो तो अपनी पारंपरिक वेश भूषा पहने ।
रिकार्डिंग के टिप्स:
1.रिकॉर्ड करने से पहले दो तीन बार राष्ट्रगान गा कर अच्छा अभ्यास कर लें।
2. साथ में मोबाइल पर हलकी आवाज़ में राष्ट्र गान की धुन बजा सकते हैं । ध्यान रहे कि आपकी स्वयं की आवाज भी सुनाई देनी चाहिए।
3. रिकार्डिंग ऑन करने के तुरंत बाद गाना शुरू न करें कुछ सेकंड रुक कर गाएं । इसी प्रकार राष्ट्र गान खत्म होने के बाद भी कुछ क्षण सीधे खड़े रहें । ऐसा करने से आपको अपनी वीडियो को एडिट करने का सही समय मिल सकेगा ।
आशा है कि इन छोटी छोटी बातों का ध्यान रख कर आप एक बेहतरीन वीडियो बना सकेंगे । वीडियो शूट कर आजादी का अमृत महोत्सव की वेबसाइट पर http://rashtragaan.in पर भेज दें ।
वीडियो भेजने की अंतिम तिथि 14अगस्त है।


Leave a Reply