बाल पर आधारित मुहावरे Hindi Idioms on Hair
लहराते, बलखाते बालों को देख किस कवि के संवेदन शील हृदय से कविता न फूटेगी ? कौन वह निष्ठुर प्रेमी होगा जिसके मुँह से अपनी प्रेयसी के घटाओं जैसे बालों को देख शायरी न निकलेगी? दोस्तों बालों का हमारे जीवन पर गहरा असर पड़ता है। बाल हमारे शरीर के महत्त्वपूर्ण अंग हैं । हालांकि बाल न होने से स्वास्थ्य में कोई विशेष दृश्यमान असर तो नहीं पड़ता, किंतु सुंदरता की दृष्टि से बाल आवश्यक हैं ।लेकिन बाल जितने जरूरी सुंदर और आकर्षक दिखने के लिए हैं, उतने ही महत्त्वपूर्ण भाषा में इनके मुहावरों का प्रयोग है।इसीलिए आज हम बालों के मुहावरों उनके सही अर्थ और वाक्य प्रयोग आपके लिये लाएँ हैं इन्हें सीख कर आप भी अपनी भाषा में चार चाँद लगा सकते हैं।
1. बाल बराबर होना-
अर्थ: बहुत पतला/ बारीक होना-

वाक्य प्रयोग 1.उसकी हड्डी में बाल बराबर दरार आ गई ।
वाक्य प्रयोग 2. बैग में बाल बराबर भी कुछ रखने लायक जगह नहीं बची।
2. बाल की खाल निकालना-
अर्थ: बहुत जाँच परख करना / अनावश्यक दोष निकालना-
वाक्य प्रयोग 1. कुछ लोगों की हर बात पर बाल की खाल निकालने की आदत होती है।
वाक्य प्रयोग 2. देखो बहसबाज़ी से कोई लाभ नहीं । हर बात पर बाल की खाल नहीं निकालनी चाहिए ।
3. बाल-बाल बचना-
अर्थ: किसी संकट के बहुत पास से बच जाना/ किसी समस्या से बच जाना
वाक्य प्रयोग 1. इतनी बड़ी रेल दुर्घटना हुई किंतु मदन बाल-बाल बच गया।
वाक्य प्रयोग 2. सुशान्त नदी में डूबने ही वाला था किंतु किसी तरह बाल-बाल बच गया।
4. बाल बाँका न होना-
अर्थ: किसी तरह की क्षति या कष्ट न होना
वाक्य प्रयोग 1. रोहन दूसरी मंजिल से नीचे गिर गया किंतु उसका बाल भी बाँका नहीं हुआ।
वाक्य प्रयोग 2. पुलिस इंस्पेक्टर ने हरीश को आश्वासन देते हुए कहा कि मेरे रहते हुए कोई तुम्हारा बाल भी बाँका नहीं कर सकता।
5. धूप में बाल सफ़ेद करना-
अर्थ: बिना किसी अनुभव के / बिना कुछ सीखे उम्र गुजार देना
वाक्य प्रयोग 1. मैने यूँ ही बाल धूप में सफ़ेद नहीं किये हैं । मुझे सब पता है।
वाक्य प्रयोग 2. जब लीला का पड़ोसी पुलिस केस में फ़ँस गया तो लीला ने कहा – “पड़ोसी की हरकतों को देख कर ही मैने उसके चरित्र का पता लगा लिया था। ऐसे ही धूप में बाल सफ़ेद नहीं किए हैं मैंने।”

6. बाल पकना-
अर्थ: अनुभवी होना
वाक्य प्रयोग 1. “बेटा मेरे पढ़ाते-पढ़ाते मेरे बाल पक गए । अब तुम मुझे सिखाओगे कि किस तरह पढ़ाना है ” शिक्षिका ने नए जिलाधिकारी से कहा।
वाक्य प्रयोग 2. मधु मैम को जीवन का गहरा अनुभव है, सारा जीवन काम करते हुए ही उन्होंने अपने बाल पकाए हैं।
7. खिचड़ी बाल –
अर्थ: आधे सफ़ेद और आधे काले बाल –
वाक्य प्रयोग 1.भाई अब तो अपनी उम्र हो चली है , सिर के खिचड़ी बाल भी इसकी गवाही दे रहे हैं।
वाक्य प्रयोग 1.मदन के पिता गोरे रंग के नाटे कद और खिचड़ी बालों वाले आदमी हैं।
8. नाक का बाल होना-
अर्थ :प्रिय होना / बहुत नज़दीकी व्यक्ति होना –
वाक्य प्रयोग 1. सुदीप तो मंत्री जी की नाक का बाल है। किसी भी काम के लिए इसी से संपर्क करो।
वाक्य प्रयोग 2.रामलाल तो अपने बॉस की नाक का बाल है । इसके तो बड़े मज़े हैं।
9. बाल खड़े होना –
अर्थ: कुछ अनपेक्षित होने पर भौचक्का रह जाना / घबरा जाना
वाक्य प्रयोग 1.अचानक शेर को सामने देख कर मेरे शरीर के सब बाल खड़े हो गए।
वाक्य प्रयोग 2. डरावना सपना देखकर नींद में भी मेरे बाल खड़े हो गए थे।
10. मूँछ का बाल –
अर्थ: निहायत ही करीबी होना/गहरी दोस्ती
वाक्य प्रयोग 1 जावेद और सलीम एक दूसरे की मूँछ का बाल है।
वाक्य प्रयोग 2.रमेश की सच्चाई का पता तो मैं आसानी से लगा लुँगा आखिर उसकी मूँछ का बाल हूँ।
11. बाल बराबर फ़र्क न होना-
अर्थ: ज़रा भी अंतर न होना
वाक्य प्रयोग 1.सविता अपने सगे बेटे और सौतेले बेटे के बीच बाल बराबर भी फ़र्क नहीं करती ।
वाक्य प्रयोग 2. हेमंत को धक्का तो तब लगा जब छोटे भाई ने उस पर दोहरे व्यवहार का इल्ज़ाम लगा दिया हालांकि हेमंत ने कभी भी अपने और भाई के बीच बाल बराबर भी फ़र्क नहीं किया ।
12. आँख में सुवर का बाल होना –
अर्थ: कृतघ्न होना / धोखेबाज़ होना
वाक्य प्रयोग 1.मैं तो इस कल्लू भाई पर ज़रा भी विश्वास नहीं करता। इसकी आँख में सुवर का बाल है।
वाक्य प्रयोग 2.इस शातिर आदमी से सावधान रहना ही अच्छा है । इसकी आँख में सुवर का बाल है।
13. बाल नोचना-
अर्थ: पछतावा होना –
वाक्य प्रयोग 1. जब तक पुश्तैनी पैसा था तब तक तुमने खूब उड़ाया ।अब बाल नोचने से क्या लाभ ?
वाक्य प्रयोग 2. वक्चत रहते ही संबल जाना चाहिए क्योंकि बाद मे बाल नोचने का कोई फ़ायदा नहीं होता।



Leave a Reply