सिर पर आधारित मुहावरे

1.सिर धूनना
अर्थ : पछताना, पश्चाताप करना।
वाक्य प्रयोग 1. समय पर मेहनत न करने और बाद में सिर धूनने से कोई लाभ नहीं।
वाक्य प्रयोग 2 . जब लोग सुकेश के पिता से उसकी शिकायत करते थे तब तो उन्होंने कोई ध्यान न दिया । अब सुकेश गंदी सोहबत में पड़कर नशे का आदी हो गया है तो उसके पिता अपना सिर धून रहे हैं ।
2.सिर की बाज़ी लगाना
अर्थ : जान की परवाह न करना ,
वाक्य प्रयोग 1. भारतीय सिपाही देश की खातिर अपने सिर की बाजी लगा देते हैं।
वाक्य प्रयोग 2 .जब तीन बच्चे आग में घिर गए तो माँ ने अपने सिर की बाज़ी लगाकर उन्हें बचा लिया।
3.सिर खाना-
अर्थ – बकवास करना , फालतू की बातें कर परेशान करना , उबाऊ बातें करना-
वाक्य प्रयोग 1. – इरा सुबह से ही मेरा सिर खा रही है।
वाक्य प्रयोग 2 . अब अगर तुमने मेरा सिर खाना बंद न किया तो मैं घर छोड़ कर चला जाऊँगा।
4.सिर खपाना-
अर्थ – व्यर्थ के काम में दिमागी मेहनत करना, ऐसा मेहनत का काम करना जिस से मस्तिष्क थक जाए पर कोई उचित परिणाम न निकले।
वाक्य प्रयोग 1. सुबह से मैं इस सवाल पर सिर खपा रहा हूँ पर इसका हल ही नहीं निकल रहा।
वाक्य प्रयोग 2 . हम सब यहाँ तुम्हारी समस्या पर सिर खपा रहे हैं और तुम हो कि मॉल में मज़े कर रहे हो!
5.सिर छिपाना
अर्थ : रहने के लिए आश्रय ढूँढ़ना,
वाक्य प्रयोग 1. गरीब लड़की सिर छिपाने के लिए दर-दर भटक रही है।
वाक्य प्रयोग 2 . अब उस कुख्यात अपराधी के पीछे पुलिस पड़ी है तो वह सिर छिपाने के लिए दर-दर भटक रहा है।
6.सिर नीचा करना/ सिर झुकाना
अर्थ लज्जित होना , शर्मिंदा होना
वाक्य प्रयोग 1. बच्चों की गलत हरकतों के कारण उनके माता पिता को भी सिर झुकाना पड़ता है।
वाक्य प्रयोग 2 . जब गोपाल को चोरी करते हुए पकड़ लिया गया तो लज्जा से उसका सिर नीचा हो गया।
7.सिर पर पैर रख कर भागना

अर्थ : बहुत तेज भागना
वाक्य प्रयोग 1. पुलिस के आने की खबर सुनते ही चोर सिर पर पैर रख कर भागे।
वाक्य प्रयोग 2 . गली के कुत्तों को भौंकता देखकर बच्चा सिर पर पैर रख कर भागा।
8.सिर मढ़ना
अर्थ : आरोप लगाना
वाक्य प्रयोग 1. कुछ कर्मचारी बहुत चालाक होते हैं । वे हर चीज का सेहरा तो खुद के सिर बाँध लेते हैं लेकिन गलतियाँ दूसरे के सिर मढ़ देते हैं।
वाक्य प्रयोग 2 . वैसे तो कोमल और गीता बहिनें हैं किंतु जब भी कोई गलती होती है तो कोमल उस गलती को अपनी बहिन गीता के सिर मढ़ देती है।
9.सिर आँखों में बैठाना
अर्थ : बहुत अधिक सम्मान करना, किसी वस्तु को सम्मान और विनम्रता पूर्वक ग्रहण करना
वाक्य प्रयोग 1. आप के हर आदेश को हम सिर आँखों पर बैठाए
वाक्य प्रयोग 2 .
10.सिर चढ़ाना

अर्थ : अनुपयुक्त व्यक्ति को अत्यधिक महत्व देना। अनावश्यक महत्त्व देकर बिगाड़ना। नम्रता न सिखाना।
वाक्य प्रयोग 1. बच्चों को ज्यादा सिर चढ़ाने से वे बड़ों का आदर नहीं करते।
वाक्य प्रयोग 2 . मैनेजर ने अपने कर्मचारियों को इतना सिर चढ़ा लिया कि अब वे उसी की बात नहीं मान रहे।
11.अपने सिर लेना
अर्थ – जिम्मेदारी लेना
वाक्य प्रयोग 1. राम को सारा काम अपने सिर लेने की आदत है । वह दूसरे पर भरोसा ही नहीं कर पाता।
वाक्य प्रयोग 2 . आखिर
12.मौत सर पर खेलना
अर्थ – भारी संकट से घिरा होना।
वाक्य प्रयोग 1. पीछे हटता तो बड़ी खाई थी और आगे भेड़िए मुँह फ़ाड़े ताक पर थे। ऐसा लग रहा था मानो मौत सिर पर खेल रही हो।
वाक्य प्रयोग 2 .रावण के सिर पर मौत खेल रही थी इसीलिए वह सीता को चुरा लाया।
13.सिर पर नंगी तलवार लटकना-

अर्थ जान का खतरा होना , भय बना होना।
वाक्य प्रयोग 1. भाई साहब के गुस्से को देखकर मुझे लगता मानो सिर पर नंगी तलवार लटक रही हो।
वाक्य प्रयोग 2 . परीक्षा के दिन ऐसे मालूम होते हैं मानो सिर पर नंगी तलवार लटक रही हो।
14.सेहरा सिर बँधना
अर्थ श्रेय प्राप्त होना।
वाक्य प्रयोग 1. गीता, मोहन और कुलदीप तीनों ने इस प्रोजेक्ट पर बहुत मेहनत की थी किंतु बेहतर काम का सेहरा उनके बॉस को मिल गया।
वाक्य प्रयोग 2 . कुछ लोग काम तो कुछ नहीं करते किंतु सब करे धरे का सेहरा खुद के सिर बँध लेने में माहिर होते हैं।
15.मियाँ की जूती मियाँ का सिर
अर्थ :अपना अहित स्वयं करना।
वाक्य प्रयोग 1. जिन तर्कों से केजरीवाल भाजपा पर आरोप लगा रहा था अब उन्हीं बातों का प्रयोग कर लोग उसकी मज़ाक बना रहे हैं । इसे ही कहते हैं मियाँ की जूती मियाँ के सिर।
वाक्य प्रयोग 2 . जिन नियमों की आड में सब इंस्पेक्टर लोगों से पैसे वसूल कर भ्रष्टाचार कर रहा था उन्हीं में अब खुद फ़ँसकर कोर्ट के चक्कर काट रहा है। आखिर मियाँ की जूती मियाँ के सिर पड़ ही गई।
16. सिर मुढ़ाते ही ओले पड़ना

अर्थ : दोहरी मुसीबत पड़ना , काम शुरु करते ही मुसीबत आना ।
वाक्य प्रयोग 1. एक तो मोहन बेटी की शादी की तैयारी में वैसे ही परेशान था उस पर उसके बेटे का एक्सीडेंट हो गया। इसी को कहते हैं सिर मुढ़ाते ही ओले पड़ना।
वाक्य प्रयोग 2 . रमेश ने जैसे ही अपनी सारी जमा पूँजी इकट्ठा कर के दुकान खोली उसी समय कोरोना के कारण देश बंद हो जाने से रमेश के तो सिर मुढ़ाते ही ओले पड़ गए।
17. सिर पर सवार होना
अर्थ :पीछे पड़ना।
वाक्य प्रयोग 1. पिता ने बेटे से कहा -“कुछ काम खुद भी कर लिया करो , कब तक मेरे सिर पर सवार रहोगे ?”
वाक्य प्रयोग 2 . जब तक मैं यह काम निपटा नहीं लेता , बॉस मेरे पीछे पड़े रहेगा।
18. सिर पीटना
अर्थ : शोक करना , पछताना
वाक्य प्रयोग 1. बीमार बेटे की हालत देखकर माँ ने सिर पीट लिया।
वाक्य प्रयोग 2 . माँ ने घर की हालत थोड़ी देर के देखकर बच्चों को डाँटते हुए कहा- थोड़ी देर के लिए मैं बाजार क्या गई तुमने ये हाल कर दिया कि मन कर रहा है कि या तो खुद का सिर पीट लूँ या तुम्हारा।
19.इसकी टोपी उसके सिर
अर्थ : बेवकूफ़ बनाना।
वाक्य प्रयोग 1. दीनानाथ वैसे तो बड़े ईमानदार बने फिरते हैं लेकिन इसकी टोपी उसके सिर पहनाने में माहिर हैं ।
वाक्य प्रयोग 2 . आजकल चतुराई का जमाना है। अगर तुम्हें इसकी टोपी उसके सिर करना आता हो तो तुम्हारे लिए सब आसान है ।
20 . आसमान सिर पर उठा लेना
अर्थ : बहुत अधिक शोर करना, जोर से चिल्लाना या रोना, उधम मचाना।
वाक्य प्रयोग 1. अब मैं इस बच्चे को और अधिक नहीं सम्हाल सकती। यह तो बात-बात पर आसमान सिर पर उठा लेता है।
वाक्य प्रयोग 2 . अपनी पसंद का खिलौना टूटते ही गुड़िया ने रो-रो कर आसमान सिर पर उठा लिया।
21 . सिर पर बोझ होना
अर्थ : जिम्मेदारी होना,
वाक्य प्रयोग 1. माता -पिता के न रहने पर पूरे परिवार की जिम्मेदारी का बोझ बड़े भाई पर आ गया।
वाक्य प्रयोग 2 . गरीब पिता ने कहा -” बेटी की शादी होते ही सिर से बोझ हट जाएगा।”
22 . बेसिर पैर की बात
अर्थ : तर्कहीन और असंगत बात, आधारहीन बात
वाक्य प्रयोग 1. ये बेसिर पैर की बातें छोड़ो और काम की बात करो।
वाक्य प्रयोग 2 . जब मोहन ने अखिल पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया तो अखिल ने गुस्सा होकर बॉस के सामने ही कह दिया कि यदि कोई सबूत है तो सामने लाओ वरना ऐसे बेसिर पैर के आरोप मत लगाओ।



Leave a Reply